जबलपुर: जीआरपी जबलपुर ने चोरी के मामले में फरार आरोपी हर्ष खंगार (19), निवासी ग्राम रजवई, मझौली को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने करीब छह माह पूर्व कटनी से देवरी जाते समय कटनी-भुसावल पैसेंजर के स्लीपर कोच से बैग चोरी करना स्वीकार किया। बैग में टैबलेट, पावर बैंक, दो पेन ड्राइव, 8 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड व कपड़े थे।
आरोपी ने टैबलेट 4 हजार रुपये में बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर करीब 3 हजार रुपये कीमत का शाओमी पावर बैंक और दो पेन ड्राइव बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के मार्गदर्शन में प्र.आर. संतोष कुमार चौबे, सउनि नरेश चौधरी, आरक्षक भूपाल सिंह व प्र.आर. हरस्वरूप शर्मा की भूमिका रही।
