
शिवपुरी। एक सड़क हादसे में पोहरी एसडीएम के रीडर श्याम सिंह दोहरे की पत्नी मनीषा दोहरे की मौत हो गई। यह घटना शिवपुरी-झिरी मार्ग पर मुद्गल पेट्रोल पंप के पास हुई, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में श्याम सिंह दोहरे सहित चार अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में भर्ती कराया गया है।पोहरी एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर श्याम सिंह दोहरे का हाल ही में भिंड तबादला हुआ था। वे जिला मुख्यालय शिवपुरी से कार्यमुक्त होने के बाद कार से पोहरी लौट रहे थे। उनकी कार में पत्नी मनीषा दोहरे, एक परिचित शिक्षक, उनकी पत्नी और उनका बच्चा भी सवार थे। शिवपुरी-पोहरी मुख्य मार्ग की खराब स्थिति के कारण वे झिरी मार्ग का उपयोग कर पोहरी जा रहे थे। इसी दौरान मुद्गल पेट्रोल पंप के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद, सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज शिवपुरी पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान मनीषा दोहरे ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
