
आलीराजपुर। भारतीय जनता पार्टी के उदयगढ़ मंडल के पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह को गंभीर बीमारी के दौरान कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय देते हुए उन्हें मंत्री स्वेच्छानुदान से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस सहयोग से यह संदेश भी गया कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सदैव उनके साथ खड़ी रहती है।
भाजपा जिला महामंत्री राजू मुवेल ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही कैबिनेट मंत्री श्री चौहान को यह सूचना मिली कि उदयगढ़ मंडल के पुराने एवं समर्पित भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह गंभीर बीमारी की आशंका के चलते जांच एवं उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे हैं, उन्होंने बिना देर किए स्वयं फोन कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल से उपचार का चिकित्सा प्रकल्प (एस्टीमेट) तैयार कर भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यक आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।
हालांकि समय पर चिकित्सा प्रकल्प उपलब्ध नहीं हो सका और राजेंद्र सिंह का ऑपरेशन होने के बाद वे उपचार लेकर अपने गृह ग्राम उदयगढ़ लौट आए। इसकी जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने भाजपा जिला महामंत्री राजू मुवेल एवं पूर्व विधायक माधोसिंह डावर को उनके निवास पर भेजकर स्वास्थ्य की जानकारी लेने के निर्देश दिए। इस दौरान परिवार को यह भरोसा भी दिलाया गया किसे किसी भी प्रकार की आवश्यकता या कठिनाई आने पर वे निःसंकोच मंत्री श्री चौहान अथवा संगठन के किसी भी पदाधिकारी से संपर्क करें, हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने मंत्री स्वेच्छानुदान से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए राजेंद्र सिंह एवं उनके परिवार को संबल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान और उसका सुख-दुख सभी का साझा दायित्व होता है।
श्री चौहान ने कहा कि वर्षों से संगठन के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान करना और आवश्यकता पड़ने पर उनके साथ खड़ा रहना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने राजेंद्र सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि पूरा भाजपा परिवार उनके साथ है और भविष्य में भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर परिवारजनों ने कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में मिला यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मीयता, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है। मंत्री श्री चौहान की संवेदनशील पहल से पूरे परिवार को नई ऊर्जा और मानसिक संबल प्राप्त हुआ।
