स्कूल कैंटीन में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी

इंदौर:शहर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल की कैंटीन और मेस में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है. खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में पाया गया कि खाद्य पदार्थों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था, जबकि भोजन निर्माण में उपयोग किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी एक वर्ष से अधिक पुरानी थी. मामले में विभाग ने 8 खाद्य नमूने जांच के लिए लेकर स्कूल प्रबंधन को सुधार नोटिस जारी किया है.

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्कीम नंबर-74 स्थित प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल की मेस एवं कैंटीन का निरीक्षण किया. जांच के दौरान फ्रेंच फ्राइज, तुअर दाल, घी, सोयाबीन तेल, इंस्टेंट खमन मिक्स, रोटी, मिक्स वेज सब्जी और चावल के नमूने संग्रहित किए गए. अब इनकी गुणवत्ता की जांच राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में होगी. वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 23 खाद्य नमूने लिए हैं.

सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर मानपुर के मुंशी ढाबा, बेटमा रोड स्थित कृष्णा किराना भंडार और बंगाली चौराहा स्थित अंबिका स्वीट्स एंड नमकीन से भी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए. इसके अलावा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर में दुर्गंध की शिकायत मिलने पर हम्माल कॉलोनी स्थित एक प्रतिष्ठान से पानी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं.

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

एशिया अवार्ड से सम्मानित हुए डॉ. भाटी

Fri Jun 26 , 2026
भैरुंदा। शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए राय साहब भंवर सिंह शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर डॉ. नरेंद्रसिंह भाटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एशिया अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया है. सम्मान मकाऊ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया. कार्यक्रम में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मुख्य […]

You May Like