
आष्टा। थाना क्षेत्र के ग्राम भंवरा में गुरुवार को खेत पर बोवनी के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई. इस घटना में एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं. मारपीट में घायल पक्ष के एक ट्रैक्टर और एक चारपहिया वाहन में भी तोडफ़ोड़ की गई.
सभी घायल महिला-पुरुषों को तत्काल उपचार के लिए आष्टा के सिविल अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल घनश्याम परमार, मानकुंवर बाई और महादेव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी गिरीश दुबे के अनुसार, भंवरा में खेत में बोवनी के कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
