छतरपुर: नगर के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसनिया में पैसों के लेनदेन को लेकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में सेवाराम पटेल और उनके पुत्र दरबारी पटेल घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है।
घायलों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे अपने घर के बाहर बैठे हुए थे, तभी गांव के ही बंदर पटेल और उसके दो भाई वहां पहुंचे और पैसों के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिलाया गया, बाद में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर लवकुशनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
