इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र में वर्ष 2015 में हुए 17 वर्षीय कृष्णा के अंधेकत्ल का पुलिस ने 12 साल बाद खुलासा कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की मौत हो चुकी है। पुलिस जल्द ही डीसीपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा करेगी।सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने कृष्णा को लिफ्ट देने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ नशा किया। इसके बाद उससे चेन, लॉकेट और नकदी लूट ली। विरोध करने पर आरोपी अकील ने कृष्णा के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल समेत अन्य साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया था।
पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अकील और आरिफ को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।डीसीपी जल्द करेंगे खुलासा: पुलिस अधिकारियों की ओर से जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर 12 साल पुराने अंधेकत्ल के पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका और बरामदगी की जानकारी दी जाएगी।
