डबरा: डबरा के पिछोर तिराहा स्थित सोनी पेट्रोल पंप से मिलावटी पेट्रोल देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पेट्रोल भरवाते ही युवक की बाइक बंद हो गई और जब बाइक की टंकी से पेट्रोल बाहर निकाला गया, तो उसमें भारी मात्रा में पानी निकला। पीड़ित ने मामले की शिकायत SDM तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में आवेदन देकर की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक ने पिछोर तिराहा स्थित सोनी पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में 600 रुपये का पेट्रोल भरवाया था। पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही बाइक अचानक झटका देकर बंद हो गई। काफी कोशिशों के बाद भी जब बाइक चालू नहीं हुई, तो मैकेनिक को दिखाया गया। बाइक की टंकी से जब पेट्रोल निकाला गया, तो उसमें पेट्रोल की जगह अत्यधिक मात्रा में पानी देखकर युवक के होश उड़ गए।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
मिलावटी/पानी युक्त ईंधन मिलने से आक्रोशित पीड़ित युवक ने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया। युवक ने डबरा SDM और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को लिखित आवेदन देकर सोनी पेट्रोल पंप प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच के बाद होगा खुलासा
ईंधन में इतनी बड़ी मात्रा में पानी कहां से आया, यह जांच का विषय है। जानकारों का कहना है कि पेट्रोल में अत्यधिक मात्रा में एथनॉल मिला होने के कारण नमी या पानी की समस्या आई है अथवा पंप संचालक द्वारा सीधे तौर पर मिलावटबाजी की गई है, इसका सटीक खुलासा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की तकनीकी जांच और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
