रायगढ़, 16 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मालगाड़ी की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए एक जंगली हाथी की उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। वन विभाग ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराने तथा उसे रेलवे ट्रैक से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार क्षेत्र के समीप देर रात एक मालगाड़ी की चपेट में आने से हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद हाथी रेलवे पटरी के किनारे पड़ा रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सकीय दल मौके पर पहुंचा तथा हाथी को बचाने के लिए लगातार उपचार किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) मनोज पाण्डेय के मार्गदर्शन में रायगढ़ एवं धरमजयगढ़ वन मंडल के अधिकारी मौके पर डटे रहे। रायगढ़ से पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. सनत नायक एवं उनकी टीम हाथी की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए थी, जबकि बिलासपुर से उप संचालक डॉ. पी.के. चंदन भी मध्यरात्रि में घटनास्थल पहुंचकर उपचार कार्य में शामिल हुए। इसके बावजूद हाथी को बचाया नहीं जा सका।
हाथी की मौत के बाद वन विभाग और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम शव को ट्रैक क्षेत्र से हटाने तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि गंभीर चोटों से उत्पन्न अत्यधिक पीड़ा के कारण हाथी की मृत्यु हुई, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले में हाथियों की लगातार हो रही मौतें चिंता का विषय बनी हुई हैं। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अब तक जिले में 10 हाथियों की मौत हो चुकी है। ताजा घटना के बाद हाथियों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े मुद्दे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। वन विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
