भुवनेश्वर, 25 जून (वार्ता) ज्योति याराजी ने बुधवार को नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में चोट से उबरने के बाद शानदार वापसी की। ज्योति ने ओडिशा के भुवनेश्वर में कलिंगा स्टेडियम में आयोजित चैंपियनशिप में 100 मीटर हर्डल्स रेस जीती। ज्योति ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाइंग स्टैंडर्ड (13.34 सेकेंड) को आसानी से पार कर लिया। उन्होंने हीट में 13.14 सेकेंड का समय निकाला और फिर फाइनल में 12.99 सेकेंड के साथ 13 सेकेंड से कम का समय निकाला। इस इवेंट में 12.78 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ के साथ भारत का नेशनल रिकॉर्ड रखने वाली ज्योति याराजी, पिछले साल जुलाई में एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) की सर्जरी के बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही थीं।
नंदिनी के और प्रज्ञान प्रशांति साहू ने 100 मीटर हर्डल्स रेस में क्रमशः 13.22 सेकेंड और 13.48 सेकेंड का समय लेकर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। नंदिनी ने हीट्स में 13.24 सेकेंड का समय निकाला और फाइनल में इसे बेहतर करते हुए 13.22 सेकेंड का समय लिया, जिससे उन्होंने एशियाई खेलों का क्वालीफाइंग मार्क भी हासिल कर लिया।मेंस पोल वॉल्ट इवेंट में, देव मीना ने 5.46 मीटर का नया रिकॉर्ड दर्ज किया और एएफआई के एशियाई खेलों के 5.45 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क को पार कर लिया। रीगन जी 5.30 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कुलदीप कुमार ने 5.20 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले देव मीना और कुलदीप के नाम मेंस पोल वॉल्ट का संयुक्त नेशनल रिकॉर्ड था। दोनों ने इस साल की शुरुआत में फेडरेशन कप में 5.45 मीटर की ऊंचाई पार की थी। पुरुषों की 5000 मीटर का खिताब गुलवीर सिंह ने अपने नाम किया, जिन्होंने 13:52.92 का समय निकाला। हालांकि, मौजूदा एशियन चैंपियन एएफआई के एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाइंग स्टैंडर्ड (13:39.18 सेकेंड) को पूरा नहीं कर पाए। हांगझोऊ 2023 में कांस्य पदक विजेता गुलवीर के नाम 3000 मीटर, 5000 मीटर, 10000 मीटर और हाफ मैराथन में नेशनल रिकॉर्ड हैं। अभिषेक पाल 13:54.18 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हरमनजोत सिंह 13:54.60 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि, भारत की एशियन गेम्स की टीम का आखिरी चयन एएफआई करेगा। वहीं दूसरी ओर, अनुष्का यादव ने महिला हैमर थ्रो का नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा और 67.02 मीटर की विजयी थ्रो के साथ एशियाई खेलों के लिए 62.03 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क को पार किया।
इससे पहले 65.25 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड सरिता सिंह के नाम था, जिन्होंने 2017 में फेडरेशन कप में यह रिकॉर्ड बनाया था। अनुष्का ने पहले 65.64 मीटर की थ्रो के साथ रिकॉर्ड तोड़ा और फिर इसे बेहतर करते हुए 67.02 मीटर तक पहुंचाया। तान्या चौधरी (61.70 मीटर) और हर्षिता सहरावत (60.92 मीटर) शीर्ष तीन में शामिल रहीं। वहीं, पुरुषों की 800 मीटर हीट में कुल आठ भारतीय एथलीटों ने एएफआई के एशियन गेम्स के क्वालीफाइंग स्टैंडर्ड को पार किया। आशा इलांगो ने भी 13.89 मीटर की छलांग लगाकर एशियाई खेलों 2026 के लिए महिलाओं की ट्रिपल जंप के क्वालीफाइंग मार्क को पार किया। 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 28 जून को समाप्त होगी।

