रीवा में लापरवाही पड़ सकती थी भारी: पेट्रोल पंप पर 440V तार गिरा, मेंटेनेंस पर उठे सवाल 

रीवा, रीवा शहर में गुरुवार सुबह बिजली विभाग की लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी। कनोडिया पेट्रोल पंप के पास 11 केवी लाइन का 440 वोल्ट का लाइव तार तेज धमाके के साथ टूटकर गिर गया। सुबह करीब 6 बजे पेट्रोल पंप जैसे अति संवेदनशील इलाके में करंट दौड़ता तार गिरते ही दहशत फैल गई।

 

*15 मिनट की देरी बनती तबाही*

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह के वक्त पंप पर गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो चुकी थी। कई लोग पेट्रोल-डीजल भरवा रहे थे। तभी तेज आवाज के साथ मेन फेस का चालू तार नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि तार किसी व्यक्ति या वाहन पर नहीं गिरा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा 15 मिनट बाद होता, जब भीड़ बढ़ जाती है, तो नतीजा भयावह हो सकता था।

 

*MPEB की मुस्तैदी से बची जानें*

सूचना मिलते ही MPEB की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने सबसे पहले पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षित किया और मुख्य सप्लाई तुरंत बंद कर दी। समय पर बिजली बंद होने से पेट्रोल पंप पर संभावित धमाके का खतरा टल गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने युद्धस्तर पर मरम्मत शुरू की।

 

*मेंटेनेंस पर उठे गंभीर सवाल*

स्थानीय लोगों ने MPEB की त्वरित कार्रवाई की सराहना तो की, लेकिन साथ ही सिस्टम पर सवाल भी खड़े किए। लोगों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच जर्जर लाइनों का रखरखाव क्यों नहीं हो रहा? पेट्रोल पंप, स्कूल, अस्पताल जैसे संवेदनशील इलाकों में बिजली लाइनों का नियमित निरीक्षण क्यों नहीं होता?

 

*जांच के घेरे में लापरवाही*

फिलहाल बिजली विभाग तार टूटने की वजह खंगाल रहा है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोड या मेंटेनेंस में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। इलाके में बिजली बहाल करने के लिए मरम्मत का काम जारी है।

Next Post

गडकरी ने तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की

Thu Jun 25 , 2026
  नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता, रखरखाव और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन तथा उच्च गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। श्री गडकरी ने यहां […]

You May Like