
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के आगासौद थाना अंतर्गत देहरी क्षेत्र मे एक व्यक्ति की गला दबाकर हत्या करने वाले दो आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देहरी स्थित एक बगीचे में एक व्यक्ति के शव की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच प्रारंभ की। पूछताछ में मृतक की पहचान कल्लू चढ़ार निवासी ग्राम देहरी के रूप में हुई।
मृतक के परिजनों ने बताया कि घायल अवस्था में उसे उपचार हेतु सिविल अस्पताल बीना ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा शव का बारीकी से निरीक्षण करने पर शरीर पर चोटों के गंभीर निशान पाए गए, जांच मे सामने आया कि ग्राम देहरी निवासी कल्लू उर्फ विश्वनाथ ठाकुर एवं मनीष ठाकुर द्वारा मृतक कल्लू चढ़ार के साथ मारपीट की गई तथा बाद में उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
