गडकरी ने तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की

 

नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता, रखरखाव और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन तथा उच्च गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। श्री गडकरी ने यहां आयोजित अलग-अलग समीक्षा बैठकों में तेलंगाना के 4,931 किलोमीटर, जम्मू-कश्मीर के 2,035 किलोमीटर और लद्दाख के 804 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ी परियोजनाओं की स्थिति का आकलन किया। बैठकों में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित थे।

समीक्षा के दौरान मीडिया रिपोर्टों, सोशल मीडिया मंचों से प्राप्त फीडबैक तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों और परियोजना ठेकेदारों से प्राप्त सूचनाओं पर विचार किया गया। श्री गडकरी ने जारी परियोजनाओं, रखरखाव कार्यों और सुरक्षित, कुशल तथा टिकाऊ राजमार्ग अवसंरचना के निर्माण के लिए अपनाए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों और कार्यान्वयन एजेंसियों को निगरानी तंत्र मजबूत करने, कार्यों को समय पर पूरा करने तथा राजमार्गों की स्थायित्व, यात्रा सुविधा और दीर्घकालिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए उन्नत निर्माण प्रौद्योगिकियों और सर्वोत्तम प्रणालियों को अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्रीय संपर्क, आर्थिक विकास, पर्यटन संवर्धन और यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर सड़क अवसंरचना के महत्व पर भी जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने मानसून के मद्देनजर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने प्रभावी जल निकासी प्रबंधन, ढलान स्थिरीकरण, संरक्षण कार्यों तथा मौसम संबंधी व्यवधानों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर निर्बाध संपर्क और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए ये उपाय आवश्यक हैं। श्री गडकरी ने समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता आश्वासन और आधुनिक इंजीनियरिंग समाधानों के माध्यम से देशभर में विश्वस्तरीय राजमार्ग अवसंरचना विकसित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी।

.....

Next Post

पत्नी से झगड़ा, टावर पर चढ़ा पति: 4 घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा, डायल-112 ने बचाई जान

Thu Jun 25 , 2026
रीवा, मऊगंज जिले के देवतालाब उपतहसील परिसर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक पत्नी से विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 4 घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद डायल-112 और लौ थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर युवक को सुरक्षित नीचे […]

You May Like