
भोपाल। मिसरोद थाना इलाके में एक 24 साल की युवती के साथ सायबर ठगी का मामला सामने आया है. युवती के साथ आरोपी ठग ने सवा लाख रूपए की ठगी की है. मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक नेहा विश्वकर्मा श्रीराम कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है. मूलतः दमोह जिले की रहने वाली नेहा विश्वकर्मा एक निजी कंपनी में जाब करती है. नेहा को 14 जून को एक काल आया था, कालर ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा दिया. कालर की बात में आई नेहा को एक ग्रुप से भी जोड़ा गया. शुरूआत में करीब एक हजार रूपए का निवेश करने पर नेहा को अच्छा मुनाफा हुआ. इसके बाद नेहा ने एक लाख, 26 हजार रुपए ठग के कहने पर निवेश कर दिया. इसके बाद नेहा के संपर्क करने पर ठग की तरफ से कोई भी जवाब नहीं दिया गया. परेशान होकर पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
