
ग्वालियर। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चलाए गए 15 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का गुरुवार को ग्वालियर में गरिमामय समापन हुआ। 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चले इस अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश एवं नोडल अधिकारी श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में जिलेभर में कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
महाराज बाड़ा पर छात्राओं की रंगोली ने मोहा मन
अभियान के अंतिम दिन थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शहर के ऐतिहासिक महाराज बाड़ा पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गजराराजा स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी लश्कर) श्रीमती किरन अहिरवार ने छात्राओं की रंगोली कला की सराहना की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सीएसपी अहिरवार ने कहा…
”नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए घातक है। एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण नशामुक्त जीवनशैली से ही संभव है। नागरिकों को न केवल स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए, बल्कि दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करना चाहिए।” इस दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे, पुलिस बल और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पुलिस कंट्रोल रूम में सम्मान समारोह के साथ समापन
अभियान का मुख्य समापन समारोह पुलिस कंट्रोल रूम सभागार, ग्वालियर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएसपी ग्वालियर कृष्णपाल सिंह ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने 15 दिनों के दौरान आयोजित रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताओं, पंपलेट वितरण और जनसंवाद कार्यक्रमों की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह 15 दिवसीय अभियान भले ही संपन्न हो गया हो, लेकिन ग्वालियर पुलिस और सामाजिक संगठनों का नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
