इंदौर: इंदौर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की. बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र अधिकारी हरि राम मीना ने की.बैठक में इंदौर स्टेशन स्थित विभिन्न रेलवे कार्यालयों के विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यालयों में हिंदी के उपयोग, प्रगति और राजभाषा संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी.
समीक्षा के दौरान अध्यक्ष हरि राम मीना ने अधिकारियों को राजभाषा अधिनियम एवं नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. बैठक में सहायक वाणिज्य प्रबंधक वसंत नायर, जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार, रतलाम मंडल के राजभाषा विभाग से राजेन्द्र सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रश्नमंच व कार्यशाला का आयोजन
बैठक के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राजभाषा प्रश्न मंच एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन भी किया गया. कार्यशाला में हिंदी में प्रभावी कार्यालयीन कार्य-संपादन, शासकीय पत्राचार तथा राजभाषा से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रतिभागियों को दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के व्यावहारिक उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया. बैठक में आगामी राजभाषा पखवाड़ा को व्यापक स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं और राजभाषा संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा मिल सके.
