इंदौर: शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. एरोड्रम क्षेत्र में एक व्यक्ति से खुद को बैंक अधिकारी बताने वाले ठग ने क्रेडिट कार्ड के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली.एरोड्रम थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि फरियादी रमेश यादव, उम्र 46 वर्ष, निवासी 37 स्मृति नगर, छोटा बागड़दा रोड, इंदौर ने शिकायत दर्ज कराई है.
फरियादी ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एसबीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट का अधिकारी बताते हुए संपर्क किया. बातों में उलझाकर ठग ने फरियादी के क्रेडिट कार्ड से अलग अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 2 लाख 47 हजार रुपये निकाल लिए.
घटना की जानकारी मिलने पर फरियादी ने बैंक से संपर्क किया, तब धोखाधड़ी का खुलासा हुआ. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.
