स्विट्जरलैंड चर्चा के बाद ओमान पहुंचे गालिबफ, होर्मुज जलडमरूमध्य पर चर्चा

मस्कट, 23 जून (वार्ता) ईरान की संसद के अध्यक्ष और अमेरिका के साथ वार्ता में प्रमुख वार्ताकार मोहम्मद बाकिर गालिबफ ने मंगलवार को ओमान के सुल्तान हैसम बिन तारिक से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों, ईरान-अमेरिका समझौता ज्ञापन (एमओयू) से जुड़े घटनाक्रमों तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के भविष्य के प्रबंधन पर चर्चा की।

स्विट्जरलैंड वार्ता के बाद ओमान गये ईरानी प्रतिनिधिमंडल के नेता श्री गालिबफ ने अल-बराका पैलेस में हुई बैठक में ईरान और ओमान के बीच सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। ओमान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में इसकी जानकारी दी।

बयान के अनुसार सुल्तान हैसम ने ईरान-अमेरिका वार्ता का समर्थन करते हुए उम्मीद जतायी कि लंबित मुद्दों का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान निकलेगा। इनमें होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की बहाली, परमाणु मुद्दा और अन्य संबंधित चुनौतियां शामिल हैं।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी आधिकारिक दौरे पर श्री गालिबफ के साथ मस्कट पहुंचे हैं। प्रतिनिधिमंडल के आगमन के बाद ईरान और ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर विचार के लिए एक संयुक्त समिति गठित की।

श्री गालिबफ और श्री अराघची ने ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद अल-बुसैदी से भी मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग, पड़ोसी संबंधों और होरमुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन के लिए नई व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।

श्री अल-बुसैदी ने कहा कि बैठक में ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौता ज्ञापन के प्रावधानों, विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना प्रमुख प्राथमिकता है।

 

 

 

 

Next Post

शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग

Tue Jun 23 , 2026
जबलपुर। बड़ा फुहारा में मंगलवार दोपहर एक कपड़ा दुकान में अचानक मीटर बोर्ड में जोरदार शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भडक़ उठी। घटना की सूचना तत्काल नगर निगम दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया । जानकारी के अनुसार, बड़ा […]

You May Like