इछावर। तहसील के ग्राम दीवडिय़ा में मंगलवार रात ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई. गांव के लोगों ने मौके पर दो बदमाशों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ बदमाश गांव के मांगलिक भवन में रखे सामान को निशाना बना रहे थे. वे जनरेटर का कीमती आर्मेचर, पानी की मोटर और दो पंखे चोरी कर ले जाने की कोशिश में थे. इसी दौरान खेत से लौट रहे एक सतर्क किसान की नजर उन पर पड़ गई. किसान ने तुरंत मोबाइल से सरपंच और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और चारों ओर से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को चोरी के सामान सहित पकड़ लिया. दोनों आरोपी गांव के ही निवासी बताए जाते हैं. पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 24 वर्षीय सरताज पिता शरीफ खां और 22 वर्षीय प्रदीप आ. मुकेश वर्मा को गिरफ्तार कर माल बरामद किया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.
आक्रोशित ग्रामीणों ने चोरों को दी अनोखी सजा
पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपियों की जमकर धुनाई कर दी. इसके बाद दोनों को उसी भारी-भरकम आर्मेचर से बांध दिया गया, जिसे वे चुराकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर इछावर थाने ले गई. आरोपियों के पास से जनरेटर का आर्मेचर, एक मोटर और दो पंखे बरामद किए गए हैं। ग्राम पंचायत की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
