अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये आईआईटी, पटना के साथ टाईअप करें :सम्राट चौधरी

पटना, 23 जून (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश दिये कि अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं को मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के लिए आईआईटी पटना के साथ टाईअप किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक प्रगति के लिये कई योजनायें चलाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिये कि मैट्रिक, इंटर के टॉपर विद्यार्थियों का परीक्षाफल घोषित होने के तुरंत बाद ही उन्हें सम्मानित किया जाय। उन्होंने कहा कि बी०पी०एस०सी०, यू०पी०एस०सी० में बिहार के सफल अभ्यर्थियों का अभिभावकों के साथ सामूहिक तौर पर सम्मानित किया जाय, जिससे यहां के बच्चे प्रेरित हो सकें। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि 10वीं की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में उतीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को जो 10 हजार रूपये की राशि दी जाती है, उसे भी जल्द से जल्द भुगतान किया जाना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिये कि राज्य के विद्यालयों एवं छात्रावासों में नामांकित छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा या सुझाव के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जाए।

बैठक में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के० सेंथिल कुमार ने विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं, उपलब्धियों तथा भावी कार्य योजना के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

Next Post

जयपुर में कई कोचिंग संस्थान असुरक्षित भवनों में संचालित, यहां भी हो सकता है हादसा: गहलोत

Tue Jun 23 , 2026
जोधपुर, 23 जून (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ के कोचिंग संस्थान में भीषण अग्निकांड में 15 विद्यार्थियों की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताते हुए राजस्थान सरकार को आगाह किया है कि जयपुर के अनेक कोचिंग संस्थान भी असुरक्षित भवनों में संचालित हो रहे […]

You May Like