जोधपुर, 23 जून (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ के कोचिंग संस्थान में भीषण अग्निकांड में 15 विद्यार्थियों की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताते हुए राजस्थान सरकार को आगाह किया है कि जयपुर के अनेक कोचिंग संस्थान भी असुरक्षित भवनों में संचालित हो रहे हैं और यहां भी ऐसा हादसा हो सकता है।
श्री गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर आगाह किया। उन्होंने पत्र में लिखा कि कांग्रेस सरकार ने छात्रों की सुरक्षा के लिए प्रतापनगर कोचिंग हब बनाया था। तब करीब 140 कोचिंग संचालकों ने वहां शिफ्ट होने के लिए प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे रोक दिया और इस कैंपस को आईआईटी जोधपुर को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि इसे आईआईटी जोधपुर को सौंपने का निर्णय तुरंत वापस लेकर कोचिंग संस्थानों को वहां शिफ्ट किया जाये। साथ ही जयपुर के सभी कोचिंग सेंटरों का अग्निशमन एवं भवन सुरक्षा ऑडिट तत्काल कराया जाये।
उन्होंने मंगलवार को जोधपुर सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता में भी कहा कि क्या सरकार इंतज़ार कर रही है कि लखनऊ अग्निकांड की तरह घटना यहां पर हो। सरकार कोचिंग हब क्यों नहीं शुरु कर रही है। उन्होंने कहा कि वह सरकार को कहना चाहेंगे कि हमने क़रीब 400-500 करोड़ रुपये खर्च करके जयपुर में कोचिंग हब बना दिया। 140 संस्थानों ने इसके लिए पैसे भी जमा करा दिये लेकिन इस सरकार की लापरवाही के कारण 100 लोगों ने पैसे वापस ले लिये।
उन्होंने कहा कि अगर आईआईटी की एक यूनिट खोलनी है, वहां पर तो नया भवन बना दीजिए।
