जबलपुर: शहर में होर्डिंग और यूनिपोल की संख्या बढ़ाकर आय में वृद्धि करने के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के निर्देश पर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है। मंच के डॉ. पीजी नाजपांडे ने कहा है कि वर्तमान में लगाये गये होर्डिंग/यूनिपोल से जबलपुर सहित प्रदेश के शहरों में अवरोध पूर्ण यातायात की स्थिति बनी है और दुर्घटनायें लगातार हो रही हंै। और अब आय बढ़ाने के लिए होर्डिंग तथा यूनिपोल की संख्या बढ़ेगी तो परिस्थितियां और बदतर होंगीं।
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने अपर मुख्य सचिव संजय दुबे को पत्र भेजा है। विदित हो कि हाल ही में नगरीय विकास एवं आवास विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें संजय दुबे ने उक्त निर्देश दिये हैं।नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के डॉ. पी.जी. नाजपांडे, रजत भार्गव, एड. वेदप्रकाश अधौलिया, सुशीला कनौजिया, गीता पांडे ने जबलपुर सहित अन्य शहरों में वर्तमान स्थिति के मद्देनजर पुनर्विचार बेहद जरूरी है।
पिछले 1 वर्ष में जाँच रिपोर्ट पर कार्यवाही नहीं
जबलपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों में वर्तमान में लगाये गये होर्डिंग और यूनिपोल में आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 का घोर उल्लंघन किया गया है। उपभोक्ता मंच ने जबलपुर में इसकी शिकायत की तब नगर निगम ने जाँच समिति गठित की, जिसकी रिपोर्ट 13 जून 2025 को प्रस्तुत हुई। किंतु 1 वर्ष बीतने के बावजूद भी जाँच रिपोर्ट पर कार्यवाही नहीं हुई। यहां तक कि जबलपुर में 18 जनवरी 2025 को इलाहाबाद बैंक के पास हुए दुर्घटना में हुई मौत में एक वर्ष बीतने के बावजूद भी एफआईआर तक दायर नहीं हुई।
