सागर। सागर जिले के बंडा, ग्राम हीरापुर, चौकी हीरापुर, थाना शाहगढ़ क्षेत्र में एक मकान का उपयोग अवैध शराब के गोदाम पर पुलिस और आबकारी की टीम ने कार्रवाई कर अवैध शराब बरामद की है।
मुखबिर द्वारा यह भी सूचना दी गई कि उक्त मकान में रखी गई अवैध शराब का संबंध बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से है। प्राप्त सूचना की तस्दीक एवं अवैध शराब के स्रोत का पता लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा पुलिस बल, चौकी हीरापुर के साथ मौके पर पहुंचकर संबंधित मकान की विधिवत तलाशी ली गई।बरामद शराब में ओल्ड मोंक व्हिस्की, लंदन प्राइड वोदका, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, गोवा रम, व्हाइट मिश्चिफ, रॉयल सिलेक्ट, फॉक्स ऑरेंज, 8 पीएम व्हिस्की, महावत व्हिस्की, रॉयल स्टैग व्हिस्की, ग्रीन लेबल व्हिस्की एवं ब्लैक फोर्ट रम सहित विभिन्न ब्रांड की विदेशी मदिरा शामिल है।
मौके से कुल 261 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2,80,000 है।उक्त कार्रवाई के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।आबकारी विभाग एवं पुलिस द्वारा मुखबिर से प्राप्त उस सूचना की भी तस्दीक की जा रही है, जिसमें बरामद अवैध शराब का संबंध बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से बताया गया है। साथ ही बरामद शराब के वास्तविक स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला एवं इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
