इंदौर: छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बाइक में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि सीट कवर की दुकानों वाली लाइन में वेल्डिंग का काम चल रहा था, इसी दौरान निकली चिंगारी से एक बाइक में आग भड़क उठी.घटना छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में हुई, जहां सीट कवर और वाहन से जुड़े काम की कई दुकानें संचालित होती हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वेल्डिंग का काम करते समय अचानक चिंगारी पास खड़ी एक बाइक पर जा गिरी, जिससे बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते तेज लपटें उठने लगीं.
आग लगते ही आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बाइक को नुकसान पहुंचा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
