सिंगरौली : राष्ट्रीय कोलियरी श्रमिक संघ इंटक की जयंत परियोजना इकाई ने एनसीएल जयंत परियोजना प्रबंधन के समक्ष 22 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत कर कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, काम रोको और कोयला डिस्पैच प्रभावित करने जैसे कदम उठाए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी परियोजना प्रबंधन की होगी।
यूथ प्रदेशाध्यक्ष लाल पुष्पराज सिंह के अगुवाई में संगठन सचिव आरएन ओझा द्वारा महाप्रबंधक को सौंपे गए ज्ञापन में कॉलोनी की जर्जर बाउंड्री वॉल की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, अवैध कब्जों पर कार्रवाई, पात्र कर्मचारियों को आवास आवंटित करने तथा बिजली मीटर लगाकर बिजली चोरी रोकने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। इसके साथ ही कॉलोनी में कराए जा रहे मरम्मत एवं पेंटिंग कार्यों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई और जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने की मांग भी की गई है।
मेडिकल सुविधाओं को बेहतर बनाएं
राष्ट्रीय कोलियरी श्रमिक संघ इंटक के यूथ प्रदेशाध्यक्ष ने मांगपत्र में परियोजना क्षेत्र में संचालित के्रनों की खराब स्थिति सुधारने, कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण सेफ्टी शू, रेनकोट और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, सीएचपी की तकनीकी खामियां दूर करने, चैन प्रमोशन लागू करने तथा मेडिकल सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग शामिल है। वहीं मॉडल टाउन योजना का विस्तार, बस सुविधा बहाल करने, सीएमएलएल कर्मचारियों से जुड़े मामलों का समाधान, मेडिकल बिलों का समय पर भुगतान तथा खदान और कोयला डिपो में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई गई है। इंटक ने कहा कि यह मांगें केवल कर्मचारियों के हित नहीं, बल्कि परियोजना की सुरक्षा, उत्पादन क्षमता और सुचारु संचालन से भी जुड़ी हैं। इसलिए प्रबंधन को इन्हें गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
