मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, प्रदेश भर में 2.9 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में समन्वित कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले दस दिनों के दौरान तकनीकी खुफिया जानकारी और मैदानी निगरानी के आधार पर संचालित अभियानों में पुलिस ने नशीले पदार्थों, वाहनों तथा अन्य संपत्तियों सहित 2.9 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री जब्त की है।

सबसे बड़ी कार्रवाई भोपाल में की गई, जहां क्राइम ब्रांच ने 170.09 किलोग्राम गांजा, 396 एल्युमिनियम इंगट तथा तस्करी में प्रयुक्त एक आयशर ट्रक बरामद किया। इस मामले में करीब 1.33 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

मंदसौर में पुलिस ने 607 किलोग्राम डोडाचूरा, 600 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों सहित लगभग 66.3 लाख रुपये की सामग्री जब्त की तथा सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं सतना में 260 किलोग्राम गांजा और 7,200 सीसी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी गई है।

उमरिया, उज्जैन और मैहर में भी बड़ी कार्रवाई की गई। इसके अलावा जबलपुर, ग्वालियर, हरदा, दमोह, सागर, खरगोन, सीहोर, डिंडोरी, अशोकनगर और पन्ना जिलों में गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, एमडी पाउडर तथा अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

 

Next Post

भोपाल जिला पंचायत को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड 2026, टैक्स सखी नवाचार ने मारी बाजी

Mon Jun 22 , 2026
भोपाल। जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संचालित टैक्स सखी इनोवोटिव ऑन टैक्सेशन को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड 2026 से नई दिल्ली में जिला पंचायत को सम्मानित किया गया. यह यह सम्मान जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी के निर्देशन में शिवानी मिश्रा, देवेश सराठे सीईओ जनपद पंचायत […]

You May Like