घायल अवस्था में मिला मृग शावक

सतना: जिले के रैगांव क्षेत्र के करसरा गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे सड़क किनारे एक मृग शावक घायल अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। हिरण के बच्चे को इतनी नजदीक से देखने के लिए ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिससे मौके पर कौतूहल का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने सड़क किनारे हलचल देखकर पास जाकर देखा तो हिरण का बच्चा घायल हालत में तड़प रहा था। बताया गया कि आवारा कुत्ते उस पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और हिरण के बच्चे की जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हिरण के पैर और कान में चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी वाहन की चपेट में आया होगा या कुत्तों के हमले में घायल हुआ है। वन विभाग को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण के बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। उसे प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि हिरण का बच्चा गांव तक कैसे पहुंचा और उसे चोटें कैसे आईं।

Next Post

नियम विरुद्ध शोर शराबे पर 60 हजार का जुर्माना

Thu Feb 26 , 2026
सतना:कोलाहल अधिनियम के उल्लंघन पर चित्रकूट न्यायालय द्वारा फैसला सुनाते हुए दो प्रकरणों में 60 हजार का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।चित्रकूट में शोर-शराबे और ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की कार्यवाही के बाद अब न्यायालय ने भी सख्त रुख अपनाया है। चित्रकूट पुलिस द्वारा कोलाहल अधिनियम के […]

You May Like