नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चीनी का औसत भाव टूट गया। चावल और दालों में तेजी रही जबकि गेहूं की कीमत कमोबेश स्थिर रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 11 रुपये घटकर 5,529 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गुड़ भी 11 रुपये महंगा होकर 5,965 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 11 पैसे घटकर 60.20 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत नौ रुपये बढ़कर 4,152 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,861 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत सात रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 13 रुपये और चना दाल की आठ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंग दाल सात रुपये और मसूर दाल चार रुपये महंगी हुई। तुअर दाल की कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर टिकी रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जनवरी का पाम ऑयल वायदा 29 रिंगिट चढ़कर 5183 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 70.97 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजार में आज सोया तेल की औसत कीमत 43 रुपये और मूंगफली तेल की 26 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल 18 रुपये और सरसों तेल 15 रुपये मजबूत हुआ। वनस्पति 11 रुपये और पाम ऑयल 10 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
