
भोपाल। आईएएस ऑफिसर्स वाइव्ज एसोसिएशन (IASOWA) द्वारा मकर संक्रांति के अवसर पर कुशाभाई ठाकरे कन्वेंशन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “अनंत की उड़ान” शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों में मकर संक्रांति के विविध रूपों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। कार्यक्रम में लोहड़ी, बिहू, खिचड़ी, पोंगल तथा गुजराती संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन की अध्यक्षा श्रीमती नमिता जैन एवं सचिव श्रीमती शिप्रा पोरवाल के मार्गदर्शन में हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य बीज मंत्रों के उच्चारण के साथ सूर्य देव की ऊर्जा को समाहित करते हुए अष्टांग नमस्कार आधारित योग नृत्य से की गई। इसके पश्चात बिहू नृत्य, गिद्धा, गरबा, घूमर, लावणी तथा अंत में दक्षिण भारतीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एसोसिएशन की सदस्यों द्वारा दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रम में IASOWA के सभी सदस्य अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आईएएस ऑफिसर्स वाइव्ज एसोसिएशन सामाजिक कल्याण गतिविधियों के साथ-साथ समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य करता रहा है।
