ग्वालियर: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने केन्द्रीय जेल ग्वालियर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं तथा उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का जायजा लेना था।निरीक्षण के दौरान ललित किशोर ने बंदियों के रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की सघन समीक्षा की। उन्होंने जेल की विभिन्न बैरकों, पाकशाला और जेल अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे बंदी जिन्हें कानूनी सहायता की आवश्यकता है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से समय पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जरूरतमंद बंदियों के जमानत आवेदन, अपील, रिवीजन सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जेल प्रशासन से बंदियों की मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार पांडे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुष्पेंद्र सिंह, प्रभारी कलेक्टर सोजान सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, केन्द्रीय जेल ग्वालियर के अधीक्षक राकेश कुमार सहित जेल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
