कैबिनेट मंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण

सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत जैसीनगर में खंड स्तरीय जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह शिविर श्रृंखला केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि जनवरी 2027 तक चलने वाली एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसमें हर शुक्रवार को आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जनहितैषी योजनाओं में लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है। आयुष्मान कार्ड, संबल योजना और पीएम आवास जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जैसीनगर अस्पताल को 20 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ कायाकल्प किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने शासकीय कॉलेज एवं सांदीपनि विद्यालय के माध्यम से स्थानीय स्तर पर शिक्षा को सुदृढ़ होने की बात भी कही। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि, “आज हमें रासायनिक खादों के उस जहर से बचना होगा जो हमारी धरती को बंजर बना रहा है। देशी पद्धति और प्राकृतिक खेती ही भविष्य है, क्योंकि यही शुद्धता और समृद्धि का एकमात्र मार्ग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में आने वाला हर व्यक्ति एक आशा लेकर आता है, और उस आशा को पूरा करना ही शासन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से लंबित आवेदनों और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त नामांतरण, सीमांकन, कब्जा, पीएम आवास, बिजली बिल, पेयजल, राशन एवं मरम्मत से जुड़ी सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से 7 दिनों के भीतर निराकरण किया जाए।पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव संवेदनशील रहा है। एसपी श्री सुजानिया ने बताया कि डायल 112 के आंकड़ों के आधार पर देखने में आया है कि घरेलू हिंसा और महिलाओं पर होने वाले अपराधों में वृद्धि हुई है जिसके लिए डायल 112 पर फोन आते हैं। एक ओर जहां पुलिस आपकी हर समस्या के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर है वहीं दूसरी ओर यह भी आवश्यक कहना है कि हम जिस सामाजिक व्यवस्था में रहते हैं वहां इस प्रकार के मामलों का बढ़ना और रोजमर्रा के जीवन में ऐसे प्रकरणों का सामने आना अच्छा संकेत नहीं है। हमें न केवल ऐसे मामलों पर रोक लगाने चाहिए बल्कि कई ऐसे मामले अपने समाज, अपने परिवार के स्तर पर ही सुलझाने चाहिए जिनमें पुलिस का ज्यादा कोई कार्य नहीं रहता। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाया जा रहा है, ताकि समाज इतना मजबूत हो सके कि पुलिस की आवश्यकता कम से कम पड़े।शिविर में कृषि संवाद के दौरान स्थानीय किसान देवेंद्र पांडे ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने बिना किसी रासायनिक खाद के अपनी उपज को बढ़ाया और उसे पूर्ण रूप से प्राकृतिक रखा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने आमजन से सीधा संवाद कर दर्जनों समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया और शेष प्रकरणों को समय सीमा में हल करने का आश्वासन दिया।

Next Post

शिवपुर से बढ़ौरा धाम तक निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

Fri Aug 21 , 2026
सीधी। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू के नेतृत्व में 24 अगस्त 2026 को भव्य पैदल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 6 बजे ग्राम शिवपुर (मरसरहा), अमरपुर से होगा। बड़ी संख्या […]

You May Like