जवाहर मार्ग का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का ज्ञापन, नाम यथावत रखने की मांग

ब्यावरा: 25 दिसम्बर को पीपल चौराहा ब्यावरा में प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण नगर पालिका ब्यावरा द्वारा किया गया जो हर्ष का विषय है किंतु यह घोषणा की गई कि राजगढ़ रोड अब अटल बिहारी वाजपेयी मार्ग होगा. जबकि राजगढ़ रोड सदैव से जवाहर मार्ग से जाना जाता है एवं शासकीय अभिलेख व नगर पालिका में उक्त मार्ग का नाम जवाहर मार्ग ही दर्ज है. संबंध में न तो नपा की बैठक में पूर्व में कोई चर्चा की गई न ही कोई प्रस्ताव पारित किया गया.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावरा, सुठालिया, पीपलहेला, गादिया एवं शहर कांग्रेस के तत्वावधान में राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि यह खेद का विषय है कि जब उक्त मार्ग का नाम पूर्व से ही देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू के नाम पर नामांकित है तो उस मार्ग के नाम को परिवर्तित करने का प्रयास अनावश्यक व खेदपूर्ण है तथा स्व. पंडित नेहरू एवं स्व. अटल जी दोनों के महान व्यक्तित्व व गरिमा को ठेस पहुंचाता है.

भाजपा की विचारधारा देश के स्वतंत्रता आंदोलन के महान सेनानियों और देश के निर्माण में योगदान देने वाले महानायकों की
स्मृति को मिटाने पर आमादा है और यह प्रयास उसी श्रृंखला में है. स्व. अटल जी के व्यक्तित्व की भी कांग्रेसजन पूर्ण सम्मान करते हैं और नगर के किसी और मार्ग का नामकरण जो पहले से किसी महापुरुष के नाम न हो यदि स्व. अटल जी के नाम पर नगर पालिका यदि परिषद की बैठक कर प्रस्ताव कर नामांकित करती है तो कांग्रेस इसका स्वागत करेगी परंतु जवाहर मार्ग का नाम अकारण परिवर्तित किया जाना स्वीकार्य नहीं है.

पंडित नेहरू के अहम स्थल को विकसित करें
ज्ञापन में कहा है कि पीपल चौराहा के समीप ही नगर के पुराने अस्पताल परिसर में स्व. पंडित नेहरू का अति महत्वपूर्ण स्थल मौजूद है, जिसे संरक्षित और विकसित किए जाने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई. ज्ञापन में कहा है कि नगर के जवाहर मार्ग (राजगढ़ रोड) का नाम यथावत रखा जाये. इस अवसर पर पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, जिपं अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, पूर्व नपाध्यक्ष डा. भारत वर्मा, पूर्व जनपद अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी, महेन्द्र कुमार यादव, नपा उपाध्यक्ष अतुल जगताप, रचना भार्गव, लक्की दांगी, पार्टी के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Next Post

कहीं पसरा गलियों में अंधेरा तो कहीं दिन भर जल रही स्ट्रीट लाइट

Mon Dec 29 , 2025
चंदेरी: नगर में स्ट्रीट लाइट के भी अजब-गजब नजारे देखने को मिल रहें हैं। यहां वार्ड क्रमांक 08 में पोल क्रमांक 25-26-27 पुरानी कचहरी की लाइट लाइट पिछले करीब 2 माह से लगातार दिन और रात जल रही है यह लाइट अभी तक बंद नहीं हुई है। तो वहीं कई […]

You May Like