जबलपुर: लार्डगंज में रहने वाले एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी का साइबर ठग ने मोबाइल हैक कर उनके पूरे परिवार की जमापूंजी पर हाथ साफ कर दिया। ठगों ने पीड़ित, उनकी बुजुर्ग मां और पत्नी के अलग-अलग बैंकों में स्थित 5 खातों से किस्तों में कुल 2,13,478 उड़ा लिए। लार्डगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लार्डगंज निवासी 63 वर्षीय आनंद जायसवाल पीडब्लूडी विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनका आईडीएफसी फर्स्ट बैंक करमेता में खाता है। इसके अलावा उनका अपनी मां कला जायसवाल के साथ बैंक ऑफ इंडिया में जॉइंट अकाउंट है। उनकी मां का यूको बैंक राइट टाउन व आशीर्वाद मार्केट में पेंशन खाता है, और पत्नी माया जायसवाल का भी यूको बैंक राइट टाउन में खाता है।
इन सभी 5 खातों में आनंद जायसवाल का एक ही मोबाइल नंबर लिंक था। अज्ञात जालसाज ने उनका यही मोबाइल नंबर हैक कर लिया, जिससे ट्रांजेक्शन के मैसेज पीड़ित को नहीं मिल सके। शातिर ठग ने मोबाइल का एक्सेस मिलते ही आनंद जायसवाल, उनकी मां और पत्नी के खातों से धीरे-धीरे पैसे गायब करना शुरू किया। जब पीड़ित को खातों से कुल 2,13,478 पार होने की भनक लगी, तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
