
छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रामनगर कांटी में 22 वर्षीय नवविवाहिता रोशनी पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के बाद करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इसे रसोई में खाना बनाते समय हुआ हादसा बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता महेश पटेल ने बताया कि रोशनी का विवाह 5 मई 2025 को महेश पटेल के साथ खजुराहो के एक निजी होटल में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह में 10 लाख रुपये नकद और एक तोला सोने की चेन देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार 5 लाख रुपये नकद, चार पहिया वाहन या शहर में एक प्लॉट की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। वहीं, मृतका की मां रेखा पटेल ने भी आरोप लगाया कि रोशनी अक्सर फोन पर सास और जेठानी द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात बताती थी। घटना वाले दिन करंट लगने की सूचना मिलने पर वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर, मृतका के ससुर गनेशी पटेल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रोशनी खाना बनाते समय हीटर की चपेट में आने से करंट लगने का शिकार हुई थी। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी दहेज की मांग नहीं की और घर की सामान्य पारिवारिक कहासुनी को गलत तरीके से दहेज प्रताड़ना का रूप दिया जा रहा है। दोनों पक्षों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
