ईरानी वार्ताकार का दावा, तेल प्रतिबंधों में अस्थायी राहत के मसौदे को अंतिम रूप

तेहरान/बुर्गेनस्टॉक, 21 जून (वार्ता) स्विट्जरलैंड में चल रही अमेरिका-ईरान वार्ता में शामिल ईरानी प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने दावा किया है कि ईरानी तेल और उससे जुड़े उत्पादों पर अमेरिकी प्रतिबंधों से अस्थायी छूट देने संबंधी मसौदा समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है।

ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में शामिल अर्थशास्त्री हुसैन गोरबानजादेह ने कहा कि तेल प्रतिबंधों में अस्थायी छूट का प्रावधान जल्द ही लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि मौजूदा वार्ता का मुख्य ध्यान समझौता ज्ञापन की धारा-13 को लागू करना और अन्य प्रावधानों पर चर्चा के लिए आधार तैयार करना है।

श्री गोरबानजादेह के अनुसार इस प्रक्रिया के पांच प्रमुख बिंदु हैं। इसमें सभी मोर्चों पर युद्ध की समाप्ति, घेराबंदी हटाना, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना, तेल एवं उससे जुड़े उत्पादों पर अस्थायी प्रतिबंध छूट और ईरान की जब्त की हुई विदेशी संपत्तियों की रिहाई शामिल है।

उन्होंने कहा कि समझौता ज्ञापन के अन्य प्रावधानों को तब तक लागू नहीं किया जाएगा, जब तक लेबनान में युद्ध समाप्त करने का मुद्दा हल नहीं हो जाता।

 

 

Next Post

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई नीट परीक्षा, विद्यार्थियों ने जताया निष्पक्षता पर भरोसा

Mon Jun 22 , 2026
इंदौर: कड़े सुरक्षा इंतजामों और चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच रविवार को नीट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू हुई. किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए प्रशासन ने इस बार विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की.परीक्षा केंद्रों पर […]

You May Like