नीमच में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित हुई नीट -यूजी 2026 की पुन: परीक्षा, 926 अभ्यर्थियों ने आजमाई किस्मत

नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा की पुन: परीक्षा रविवार को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों और व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच आयोजित की गई। मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश के लिए आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जिले के कुल 926 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी, जबकि अभ्यर्थियों के प्रवेश और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार सुबह से ही शुरू कर दी गई थी।

जानकारी के अनुसार श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में 456 तथा स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज में 470 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा प्रारंभ होने से पहले केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट आकार एवं पोस्टकार्ड आकार के फोटो का गहन सत्यापन किया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।रविवार सुबह से ही दोनों परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों की भीड़ दिखाई देने लगी थी। भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था की गई थी। साथ ही स्वच्छ पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई, जिससे परिजनों को धूप और गर्मी से राहत मिल सके।परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। इसके अलावा लाइव सीसीटीवी निगरानी, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच और त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए थे तथा उनकी अलग-अलग फ्रिस्किंग की व्यवस्था भी की गई थी। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखा गया।किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए केंद्रों पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और जनरेटर की व्यवस्था भी की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूरे समय परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की जाती रही, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी की स्थिति उत्पन्न न हो।जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएंपूर्व से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं। पूरे समय व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहीं और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना संजोए जिले के 926 अभ्यर्थियों ने आज इस महत्वपूर्ण परीक्षा में भाग लिया। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम का इंतजार रहेगा, जो उनके भविष्य की दिशा तय करेगा।

Next Post

भादवामाता मार्ग के कुएं में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

Sun Jun 21 , 2026
नीमच। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भादवामाता जी के मार्ग पर स्थित एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों […]

You May Like