जबलपुर: मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद निर्वाचन- 2026 की मतगणना में सोमवार को एलिमिनेशन राउंड का चौथा दिन पूरा हुआ। सोमवार को सात प्रत्याशियों को एलिमिनेट किया गया। इसके साथ ही अब तक कुल 35 प्रत्याशी एलिमिनेशन राउंड से बाहर हो चुके हैं। मतगणना का द्वितीय चरण जारी है और एलिमिनेट प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज मतों को निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार द्वितीय वरीयता वाले प्रत्याशियों को अंतरित किया जा रहा है।
सोमवार को एलिमिनेट होने वाले प्रत्याशियों में प्रत्याशी क्रमांक 38 गायत्री सुर्वे ग्वालियर, 45 कैलाश सिंह पटेल सागर, 79 राजेन्द्र कुमार जायसवाल सीधी, 16 अर्पित मुदगल शर्मा भिंड, 114 स्वदीप सिंह रीवा, 49 लक्ष्मी मीना भोपाल और 11 अनीता कैथवास जबलपुर शामिल हैं। एलिमिनेशन के बाद संबंधित प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज द्वितीय वरीयता के मतों को पात्र प्रत्याशियों के खाते में अंतरित किया जा रहा है। मतों के इस अंतरण के साथ ही प्रत्याशियों की स्थिति में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
निर्वाचन प्रक्रिया आगे बढऩे के साथ मुकाबला अब प्रमुख दावेदारों के बीच सिमटता जा रहा है। सोमवार तक पुरुष प्रत्याशियों में विवेक सिंह, आरके सिंह सैनी, अखिलेश कुमार सक्सेना, नरेन्द्र कुमार जैन और जय हार्डिया बढ़त बनाए हुए हैं। महिला प्रत्याशियों में अन्नू पटेल, प्रवीण तिवारी, प्रतीका पाठक, रश्मि ऋतु जैन और अंजना कुरारिया आगे चल रही हैं। मतगणना अभी जारी है, इसलिए वर्तमान बढ़त को अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता। प्रत्येक एलिमिनेशन के बाद मतों के अंतरण से प्रत्याशियों की स्थिति बदल सकती है।
