
भोपाल। शाहपुरा थाना इलाके में एक 28 साल के युवक का शव किराए के मकान में फंदे पर लटकता मिला. युवक की बहन ने उसके रूम पार्टनर से फोन पर बात की और रूम पार्टनर जब कमरे में पहुंचा तो युवक को फंदे से लटकता देखा. मामले की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा. मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस को सौरभ के कमरे से सुसाइड़ नोट भी बरामद नहीं हुआ है.
जानकारी के मुताबिक सौरभ सिंह (28) रोहित नगर में रहता था. वह मूलतः ग्वालियर जिले का रहने वाला था. भोपाल में सौरभ रहकर नौकरी करने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता था. रोहित नगर में सौरभ के साथ उसका रूम पार्टनर आदित्य भी रहता था. शनिवार को देर रात सौरभ की बहन ने आदित्य को अचानक फोन किया. आदित्य से सौरभ की बहन ने उसका फोन नहीं उठने और बात कराने की बात कही. आदित्य जब कमरे पर पहुंचा तो उसने एक गमछे में सौरभ का शव लटकता देखा. घटना की सूचना तुरंत ही शाहपुरा थाना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा. मर्ग कायम कर पुलिस जांच कर रही है. पुलिस ने सौरभ का फोन भी जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है.
