खाद पंजीयन कराकर लौट रहे किसानों से लूटपाट करने वाले 3 बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

बैतूल। खेड़ी क्षेत्र में किसानों से हुई लूट की वारदात का कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और खर्च के बाद बची पांच हजार पांच सौ रुपये की नकदी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 18 और 19 जून की दरमियानी रात ग्राम चीजढाना निवासी भीमराव उइके अपने साथी सूरत के साथ खाद का पंजीयन कराकर घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे, खेड़ी स्थित वन विभाग के बैरियर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने दोनों किसानों को डरा-धमकाकर उनके पास रखे करीब 65 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दूसरे ही दिन तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राज एक्सल, शिवा वाडिवा और शुभम सरनेकर के रूप में हुई है।

Next Post

खेत में मिला युवक का खून से लथपथ शव, सिर और चेहरे पर चोट के निशान 

Sun Jun 21 , 2026
अशोकनगर। चंदेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नानोन रोड पर स्थित एक खेत में 39 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने युवक के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस से […]

You May Like