
रायसेन। पर्यटन नगरी सांची में चल रही जल प्रदाय परियोजना की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधिमंडल ने निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। यह परियोजना नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, भोपाल के अंतर्गत संचालित की जा रही है।
एडीबी दल में विशेषज्ञ विवेक विशाल, रुपोस्रोता कहाली और श्री कार्लिटो शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जल शोधन संयंत्र के विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया और परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा में हो रहे कार्यों की समीक्षा की।
एडीबी अधिकारियों ने परियोजना के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर संतोष जताते हुए कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। इस दौरान परियोजना अधिकारी सुबोध जैन, सहायक परियोजना प्रबंधक राहुल समाधिया, सीडीओ गिरीश नायर, डॉ. अमित कुल्हार, परियोजना प्रबंधन सलाहकार फर्म के दीपक हतवाले सहित संविदाकार कंपनी के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद एडीबी प्रतिनिधिमंडल ने जल शोधन संयंत्र परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि एडीबी के सहयोग से मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा सांची में जल प्रदाय परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद सांची क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
