10 वर्षों से सक्रिय ड्रग माफिया पर बड़ी कार्रवाई, पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट में निरुद्ध कर भेजा केंद्रीय जेल

नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मनासा क्षेत्र के कुख्यात ड्रग माफिया विनोद पिता जगदीश धाकड़ (28) निवासी ग्राम कंजार्डा को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988 (पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट) के तहत निरुद्ध कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है।

यह कार्रवाई उज्जैन संभाग आयुक्त एवं जिला दण्डाधिकारी, नीमच के आदेश पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना मनासा पुलिस द्वारा की गई।

10 वर्षों से चला रहा था संगठित तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के अनुसार आरोपी विनोद धाकड़ पिछले लगभग दस वर्षों से अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और तस्करी के संगठित नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसका नेटवर्क केवल नीमच जिले तक सीमित नहीं था, बल्कि राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ सहित सीमावर्ती क्षेत्रों तक फैला हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के लिए एजेंटों और बिचौलियों का एक संगठित गिरोह भी तैयार कर रखा था, जिसके माध्यम से अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।

एनडीपीएस एक्ट के तीन गंभीर प्रकरण दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2017 से अब तक आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण क्षेत्र में उसके नाम से लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

सुदृढ़ डोजियर के आधार पर हुई कार्रवाई

थाना मनासा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों, आपराधिक गतिविधियों और उसके नेटवर्क से संबंधित तथ्यों का विस्तृत डोजियर तैयार कर जिला दण्डाधिकारी, नीमच के समक्ष प्रस्तुत किया था। डोजियर के परीक्षण के बाद जिला दण्डाधिकारी ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी को निरुद्ध करने के आदेश जारी किए। आदेश के पालन में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया।

नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी

नीमच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा संगठित तस्करी में शामिल अपराधियों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने सभा स्थल, हेलीपैड और आजाद कुटिया का किया निरीक्षण

Mon Jul 20 , 2026
आलीराजपु। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 23 जुलाई को प्रस्तावित चंद्रशेखर आजाद नगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह भदौरिया ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। […]

You May Like