इंदौर: क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बड़वानी जिले से अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए युवक को धर दबोचा. आरोपी के कब्जे से 10 पिस्टल मय मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.क्राईम ब्रांच द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है.
तीन इमली चौराहा स्थित सुलभ शौचालय के पास दबिश देकर क्राईम ब्राचं की टीम ने बड़वानी में रहने वाले 24 वर्षीय हिरमल चौहान को हथियारों की बड़ी खैप के साथ गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और खेती-किसानी करता है, लेकिन अतिरिक्त कमाई के लिए वह बड़वानी से अवैध हथियार लाकर इंदौर में सप्लाई करने की फिराक में था. क्राईम ब्रांच की टीम ने आरोपी के कब्जे से 10 पिस्टल मय मैगजीन, दो जिंदा कारतूस के साथ एक मोटरसाइकिल जब्त की है. मामले में क्राईम ब्रांच शाम को प्रेस कॉन्फेंस लेकर बड़ा खुलासा करेंगी
