टोरंटो, 21 जून (वार्ता) स्थानापन्न डेनिज उंदाव के दो गोलों की बदौलत जर्मनी ने शनिवार रात खेले गये मुकाबले में आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर फीफा विश्वकप 2026 के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। टोरंटो स्टेडियम में खेले गये इस मैच के 30वें मिनट में आइवरी कोस्ट के कप्तान फ्रैंक केसी ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई ।जर्मनी के लिए डेनिस उंदाव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और उसकी जीत सुनिश्चित की।
एक गोल से पिछड़ने के बाद जर्मनी ने जवाबी हमला किया और दो बार गेंद को नेट में पहुंचाया, लेकिन दोनों ही मौकों पर नमेचा और मुसियाला को फाउल का दोषी माना गया। हॉफ टाइम तक स्कोर 1-0 था। स्थानापन्न के रूप में मैदान पर आए उंदाव ने जर्मनी के लिए खेल बदल दिया। उन्होंने 68वें मिनट में वॉली मारकर याहिया फोफाना को छकाते हुए गोल किया। फिर, 94वें मिनट में, नमेचा ने संयम बनाए रखा और उंदाव को पास दिया। स्ट्राइकर एरिया के ठीक अंदर था, उसने मुड़ने के लिए गेंद को कंट्रोल किया और फिर ज़ोरदार शॉट मारकर जर्मनी को आखिरी समय में जीत दिलाई।
इस जीत के साथ जर्मनी ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। आज रात उंदाव के लिए यादगार रही, जिनके नाम अब वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल के केवल 56 मिनट में पांच गोल में योगदान है।
