
सीहोर। जिले के पचामा गांव में शनिवार को एक महिला के पूर्व पति और वर्तमान ससुराल पक्ष के सदस्य के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई. लाड़ली बहना योजना की राशि निकालने बैंक पहुंची महिला के सामने ही विवाद इतना बढ़ गया कि उसके देवर ने पूर्व पति के पेट में चाकू घोंप दिया. गंभीर घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले ग्राम थूना कला निवासी एक महिला ने कुछ समय पूर्व बारवाखेड़ी निवासी प्रताप मालवीय से दूसरा विवाह किया था. शनिवार को वह अपने देवर धर्मेंद्र मालवीय के साथ पचामा स्थित बैंक में लाड़ली बहना योजना की राशि निकालने पहुंची थी. इसी दौरान महिला का पूर्व पति बबलू भी वहां पहुंच गया. बैंक के बाहर दोनों पक्षों का आमना-सामना होने पर किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. झगड़े के दौरान धर्मेंद्र मालवीय ने चाकू निकालकर बबलू के पेट पर वार कर दिया. चाकू लगते ही बबलू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजा. पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. साथ ही घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
