नोम पेन्ह/बैंकॉक, 26 जुलाई (वार्ता) कम्बोडिया और थाईलैंड के बीच सीमा पर तीसरे दिन भी संघर्ष जारी है और दोनों ओर की गयी झड़पों में कम से कम 13 कंबोडियाई नागरिकों की मौत हो गयी और 71 अन्य घायल हो गये हैं।
कम्बोडिया के रक्षा प्रवक्ता ने शनिवार यह जानकारी दी।
थाई मीडिया के अनुसार कम्बोडिया की ओर से थाईलैंड के जवानों पर गोलीबारी करने के बाद शनिवार सुबह तीसरे दिन भी सीमा पर संघर्ष शुरू हो गया।
कम्बोडिया के रक्षा मंत्रालय के उप-राज्य सचिव और प्रवक्ता माली सोचेता ने एक प्रेस वार्ता में कहा, “ पांच कंबोडियाई सैनिक मारे गये और अन्य 21 घायल हो गये। इसके अलावा, ओड्डार मींचे प्रांत में आठ नागरिक मारे गये और अन्य 50 घायल हो गये हैं।”
नवीनतम घटनाक्रम में कम्बोडियाई रक्षा मंत्रालय ने कहा कि थाईलैंड की सेना ने आज कम्बोडिया के एक अन्य प्रांत पुरसात में भी अपने सैन्य हमलों को तेज किया है।
थाइलैड के सरकारी प्रसारक सेवा ने बताया कि थाईलैंड और कम्बोडिया के बीच सीमा पर झड़पें आज तीसरे दिन भी जारी रहीं। यह झड़पें कम्बोडिया की ओर से थाईलैंड के ट्राट प्रांत में सुबह-सुबह उनके सैनिकों पर गोलीबारी करने और थाईलैंड की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद हुयी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के कार्यालय ने आज बताया कि थाईलैड की नौसेना ने कम्बोडिया के नये हमले के जवाब में ‘ट्राट स्ट्राइक 1’ अभियान शुरू किया है और तीन प्रमुख बिंदुओं पर कम्बोडियाई घुसपैठ को सफलतापूर्वक पीछे धकेल दिया है।
थाईलैंड की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा ने बताया कि थाई नौसेना ने ट्राट प्रांत में अभियान में सहयोग के लिए चार जहाजों का एक टास्क फोर्स भेजा गया है, जो थल सेना को गोलाबारी सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
हाल के हफ्तों में थाईलैंड-कम्बोडियाई सीमा पर तनाव बना हुआ है। दोनों सेनाओं के बीच गुरुवार को लड़ाई शुरू हुई, जिससे दोनों पक्षों के लोग हताहत हुये हैं।
