जालंधर, 19 जून (वार्ता) पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अत्याधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे संचालकों के संपर्क में थे और जालंधर तथा शहीद भगत सिंह नगर जिलों में हुई कई फायरिंग की घटनाओं की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल थे।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी संगठित अपराध और रंगदारी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। बरामद हथियारों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है ताकि इनके स्रोत और इस्तेमाल की जानकारी जुटाई जा सके।
इस संबंध में जालंधर के भार्गो कैंप थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, वित्तीय स्रोतों और विदेश में बैठे संचालकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसियां नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने तथा फायरिंग और रंगदारी की घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में सक्रिय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि पंजाब में शांति, सुरक्षा और आम नागरिकों की रक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
