छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां बैंक द्वारा एक व्यक्ति के घर पर तालाबंदी किए जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी सुंदर कुशवाहा ने सोमवार 12 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे डीआईजी कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा।
सुंदर कुशवाहा ने अपने आवेदन में बताया कि सद्दाम हुसैन नामक व्यक्ति ने उन्हें गारंटर बनाकर बैंक से 24 लाख 99 हजार रुपये का लोन लिया था। आरोप है कि लोन की राशि जमा न होने पर बैंक ने कार्रवाई करते हुए सुंदर कुशवाहा के घर पर तालाबंदी कर दी।
पीड़ित का कहना है कि वह स्वयं इस लोन का लाभार्थी नहीं है, बावजूद इसके उसे परेशान किया जा रहा है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से न्याय की मांग की है।
फिलहाल आवेदन मिलने के बाद संबंधित मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
