सतना :गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड सतना में आयोजित किया जायेगा। जिला मुख्यालय के समारोह में प्रातः 9 बजे कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जायेगा। इस आशय की जानकारी कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में संपन्न गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी संबंधी बैठक में दी गई। इस मौके पर अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवेश सिंह बघेल, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, जीतेन्द्र वर्मा, सुमेश द्विवेदी, बीके मिश्रा, आरआई श्रीमती देविका सिंह बघेल सहित विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सभी संबंधित अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने संपूर्ण गरिमा के साथ पूरे जिले में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम किये जाने के निर्देश भी दिये हैं। पिछले वर्ष की तरह परेड ग्राउंड की साज-सज्जा लोक निर्माण विभाग द्वारा की जाएगी। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के संदेश का लाइव टेलीकास्ट होने की स्थिति में एलईडी सहित सम्पूर्ण व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जायेगी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर निगम, स्मार्ट सिटी, जिला पंचायत, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल निगम, पशुपालन, जेल, वन, कृषि, महिला बाल विकास, स्कूल शिक्षा, आईटीआई, जनजातीय कार्य विभाग, नर्मदा घाटी विकास सहित लगभग 13 विभागों की झांकिया कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित की जायेगी। परेड और कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास 13 जनवरी से प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक होगा। पूर्वाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा के लिए पेयजल और चलित प्रसाधन की व्यवस्था की जायेगी। समारोह की गरिमा के अनुसार परेड के समय परेड ग्राउंड में किसी भी व्यक्ति को इधर-उधर घूमने नहीं दिया जाएगा।
मीडिया और फोटोग्राफर्स के लिए कव्हरेज की व्यवस्था पूर्व वर्ष की भांति की जाएगी। समारोह में प्रस्तुत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए डीईओ, एसडीएम सिटी, एमएलबी प्राचार्य और कन्या स्कूल धवारी के प्राचार्य की समिति बनाई गई है। सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में चयन समिति गठित की गई है। पुलिस परेड ग्राउंड में सभी विभागों के अधिकारियों को आयोजन से संबंधित जिम्मेदारियां दी गई हैं। कलेक्टर ने कहा कि विभागों एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रोत्साहन एवं सम्मान प्राप्त करने वालों के नाम, कार्यों की टीप सहित विभाग प्रमुख अधिकारी 19 जनवरी तक जानकारी प्रस्तुत कर देवें।
26 जनवरी को मुख्य समारोह से पूर्व प्रातः 8ः15 बजे तक सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण संपन्न कर लिया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकतंत्र सेनानियों सहित देहदान अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों को सम्मानित किया जायेगा। परेड की फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे की जायेगी। कलेक्टर ने फाइनल रिहर्सल में सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं। गणतंत्र दिवस की संध्या पर ऐतिहासिक महत्व के स्थलों, शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में रोशनी की जायेगी।
अपर कलेक्टर विकास सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय, नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद, जनपद एवं ग्राम पंचायतों के कार्यालयों में ध्वजारोहण के कार्यक्रम होंगे। जिला स्तरीय समारोह में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल और होमगार्ड द्वारा संयुक्त परेड का आयोजन किया जायेगा। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की उपलब्धियों एवं विकास परख झाकियां निकाली जायेंगी। सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस की सांस्कृतिक संध्या में शाम 7 बजे टाउन हाल सतना में भारत पर्व आयोजित होगा। भारत पर्व और गणतंत्र दिवस के समारोह में सभी अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
