छतरपुर। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बिजावर कस्बे के पांडेय मोहल्ला स्थित एक किराने की दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने 13 गिट्टा चाइनीज मांझा जब्त किया।
कलेक्टर द्वारा पहले ही चाइनीज मांझा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। वहीं पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने भी यातायात और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पतंग उड़ाने में सावधानी बरतने और अवैध मांझा बिक्री को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। बावजूद इसके प्रतिबंधित मांझा बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
थाना बिजावर पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्ष राठौर, सहायक उप निरीक्षक के.एल. बेन, प्रधान आरक्षक जुगल सूत्रकार, राजेंद्र सिंह, आरक्षक अमित सिंह, प्रदीप सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
छतरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा का न तो विक्रय करें और न ही उपयोग। यह कानूनन अपराध है और इससे आम नागरिकों के साथ-साथ पशु-पक्षियों की जान को गंभीर खतरा होता है। इस संबंध में किसी भी तरह की सूचना छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021 पर दी जा सकती है, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
