
जबलपुर। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को जबलपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने वाणिज्य, विद्युत, संरक्षा एवं आरपीएफ अधिकारियों के साथ ट्रेन संख्या 20162 जबलपुर–पुणे वीकली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का जबलपुर से इटारसी तक ऑन-बोर्ड निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोचों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, पंखे, लाइट, विद्युत उपकरणों की कार्यशीलता, फायर सेफ्टी उपकरण, बेडरोल, कंबल तथा आपातकालीन निकास सहित सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान ट्रेन में अनाधिकृत यात्रियों एवं संदिग्ध सामान की भी सघन जांच की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण पर विशेष जोर दिया।
चलाया गया टिकट जांच अभियान
इस दौरान डीआरएम के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान भी चलाया गया। अभियान में बिना टिकट, अनियमित एवं अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे 47 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 44, 360 का रेल राजस्व वसूला गया। रेल मंडल ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के ऑन-बोर्ड निरीक्षण और विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
